Thursday, November 29, 2018

हरियाणा के प्राइवेट स्कूल होंगे केजरीवाल के निशाने पर, फीस वृद्धि होगा मुद्दा

साभार: जागरण समाचार 
हरियाणा में लगातार सियासी गतिविधियां बढ़ा रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निशाने पर अब प्राइवेट स्कूल होंगे। राज्य के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की खराब हालत पर सवाल खड़े कर चुके
केजरीवाल ने प्राइवेट स्कूलों की तरफ रुख किया है। उन्होंने गरीब जनता की नब्ज पकड़ते हुए न केवल प्राइवेट स्कूल संचालकों द्वारा भविष्य में फीस बढ़ाने से रोकने का लक्ष्य तय किया है, बल्कि सरकार बनने की स्थिति में बढ़ी हुई फीस अभिभावकों को वापस कराने का भी एलान किया है।
हरियाणा के प्राइवेट स्कूल होंगे केजरीवाल के निशाने पर, फीस वृद्धि होगा मुद्दाहरियाणा के प्राइवेट स्कूलों में 20 लाख से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। उनके अभिभावकों को हर साल फीस बढ़ोतरी की मार झेलनी पड़ती है। दिल्ली में केजरीवाल प्राइवेट स्कूलों से अभिभावकों को बढ़ी हुई फीस वापस करा चुके हैं। अब यही फार्मूला लेकर वे हरियाणा में प्रवेश कर चुके हैं। राज्य की सभी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके केजरीवाल ने हरियाणा में चुनाव के मुद्दे सेट कर लिए हैं।
केजरीवाल ने शुरू में सरकारी स्कूलों की खराब हालत और अस्पतालों में आने वाली दिक्कतों को उठाया था। साथ ही दिल्ली के अस्पतालों व स्कूल देखने की चुनौती हरियाणा सरकार को दी थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह चुनौती स्वीकार भी कर ली थी, मगर बाद में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि इनेलो नेता अभय चौटाला दिल्ली के अस्पतालों की व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर चुके हैं, लेकिन केजरीवाल ने दो कदम आगे बढ़ते हुए अब प्राइवेट स्कूलों को निशाने पर ले लिया है।
केजरीवाल दक्षिण हरियाणा के गुरुग्राम से सभी 10 लोकसभा सीटों पर जनसभाएं करने के अपने कार्यक्रम की शुरुआत कर चुके हैं। शनिवार को वह गुरुग्राम और रविवार को जींद तथा पानीपत में रहे। अब उन्हें फरीदाबाद व सोनीपत में भी रैलियां करनी हैं। इन रैलियों के संयोजक आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद हैं।
अब लगातार आम जनता के मुद्दे उठाएंगे केजरीवाल: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद का कहना है कि हरियाणा के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत किसी से छिपी नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक देखने आने का निमंत्रण स्वीकार नहीं कर पाए। अब केजरीवाल ने हरियाणा के प्राइवेट स्कूलों द्वारा लूटे जा रहे अभिभावकों को न्याय दिलाने का बीड़ा उठाया है। एन्हांसमेंट की राशि और उसके ब्याज से पीडि़त लोगों को भी केजरीवाल न्याय दिलाएंगे। उनकी राज्य में जनसभाएं लगातार चलेंगी।