Thursday, August 27, 2015

महिला थाने खुलते ही खुलेंगे महिला पुलिस भर्ती के रास्ते

हरियाणा में महिला थानों के खुलने के साथ महिला पुलिस की भर्ती का रास्ता खुल गया है। थानों में तैनाती के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी। यह खुलासा यहां राज्य पुलिस के मुखिया डीजीपी वाईपी सिंघल ने किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर 28 अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-4, मनसा देवी कांप्लेक्स में महिला पुलिस थाने का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के अन्य जिलों में
महिला पुलिस थानों का शुभारंभ केन्द्रीय मंत्रियों, सांसदों, प्रदेश के मंत्रियों, मुख्य संसदीय सचिवों और विधायकों द्वारा किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी ने बताया कि महिला पुलिस कर्मियों की कमी जल्द दूर होगी। महिला पुलिस कर्मियों के 3307 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 2420 भरे जा चुके हैं। एक हजार महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती के लिए हरियाणा राज्य कर्मचारी चयन आयोग की ओर से विज्ञापन जारी किया गया है। इसके लिए 5 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्हाेंने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां सभी जिलों में महिला पुलिस थाने स्थापित हो गए हैं। इन थानों में संतरी से लेकर जांच अधिकारी तक सभी महिलाएं तैनात होंगे। राज्य में इस समय पुलिस विभाग में लगभग 55,000 पद स्वीकृत हैं, जिनमें छह प्रतिशत महिलाओं के लिए निर्धारित हैं, जिसे बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर जिले में महिला पुलिस थाना खोलने का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत बनाना है। इससे महिलाएं बेझिझक होकर अपनी शिकायतें कर सकेंगी। इन थानों में सिपाही से लेकर पुलिस उप अधीक्षक तक केवल महिला कर्मी ही तैनात होंगी और महिलाओं से जुड़े विशेष अपराधों की जांच केवल महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा की जाएगी। इन थानों में एसएचओ के रूप में कार्य करने वाली महिला पुलिस उपनिरीक्षकों व निरीक्षकों को पुलिस अकादमी मधुबन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। महिला पुलिस रैपिड एक्शन फोर्स बटालियन को भी इन थानों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि इन पुलिस थानों में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

साभार: अमर उजाला समाचार 

For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.