Friday, August 7, 2015

भर्ती में नहीं चलेगी पर्ची, सिर्फ योग्य अध्यापक ही लगेंगे - सीएम

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी नेताओं व विधायकों से स्पष्ट कहा कि नौकरियों की भर्ती में किसी तरह की पर्ची नहीं चलेगी। योग्यता के आधार पर ही नौकरी मिलेगी। इसे अच्छी तरह समझ लें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि खुद को इतना योग्य बनाएं कि नौकरी पाने के लिए पर्ची की जरूरत ही नहीं पड़े। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के
तहत अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री के नौकरी से संबंधित कथन के बाद कार्यशाला में बैठे नेता एक-दूसरे को देखने लगे तथा कानाफूसी करते नजर आए। मुख्यमंत्री यहीं पर नहीं थमे। उन्होंने आगे साफ कहा कि यदि कोई नाराज होता है तो होता रहे, वे भर्ती में किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे। यदि सरकारी स्कूलों में अच्छे अध्यापक चाहिए तो क्वालिटी के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। आज सरकारी स्कूलों की स्थिति क्या है किसी से छिपी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके इस कार्य में पार्टी के हर कार्यकर्ता को सहयोग करना होगा। इससे जनता में भी संदेश जाएगा कि प्रदेश सरकार पर्ची के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर नौकरी देती है। उन्होंने पूर्व सरकारों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पर्ची पर नौकरी देने वालों का आज क्या हाल है, यह सबको पता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक योग्य संगठन है। नेताओं के वर्षो के संघर्ष के बाद देश व प्रदेश में सरकार बनी है। इसका सारा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। किसी को विश्वास नहीं था कि हरियाणा में भी भाजपा की सरकार बन सकेगी, लेकिन पार्टी जनता का विश्वास जीतने में कामयाब रही। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इस विश्वास को कैसे बनाए रखें। उन्होंने फिर दोहराया कि वे सत्ता सुख भोगने नहीं, जनसेवा करने के लिए आए हैं।
साभार: जागरण समाचार 
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.