Friday, December 21, 2018

INLD से निकले निशान सिंह बने JJP के प्रदेश अध्यक्ष

साभार: जागरण समाचार 
नवगठित जननायक जनता पार्टी ने अब संगठन पर काम शुरू कर दिया है। दुष्यंत ने संगठन में ज्यादातर उन्हीं लोगों को अहम पदों पर बैठाया है जो इनेलो में भी महत्वपूर्ण पदों पर काबिज थे। पार्टी की 20 सदस्यीय
कोर कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष और विभिन्न सेलों के प्रदेशाध्यक्षों की सूची जारी की है। पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। टोहाना से विधायक रह चुके निशान सिंह ने कई वर्षो तक फतेहाबाद के इनेलो जिला प्रधान और किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रही शीला भ्याण को महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। शीला बरवाला से इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ने के अलावा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुकीं। अशोक शेरवाल को एससी सेल का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है जो पहले इनेलो के राष्ट्रीय सचिव व एससी सेल के प्रदेशाध्यक्ष तथा बसपा के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके। इनेलो युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष रहे रोहतक के रविंद्र सांगवान को कोर कमेटी ने नई पार्टी में भी युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इनसो के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी फिर से प्रदीप देसवाल को सौंपी गई है। रणधीर सिंह को प्रदेश कार्यालय सचिव और इनेलो के कुरुक्षेत्र जिला प्रधान रह चुके मायाराम रोड को जननायक सेवा दल का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।