Tuesday, December 18, 2018

छात्रओं को कालेज भेजने के लिए सरकार देगी प्राइवेट वाहन का किराया - CM

साभार: जागरण समाचार 
करीब चार साल पहले प्रदेश में लड़कियों की दशा काफी दयनीय थी। भाजपा सरकार ने लड़कियों की सुरक्षा और उनका लिंगानुपात बढ़ाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किए। यह बात सोमवार को नारनौंद के गांव खांडा खेड़ी में
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कही। इस दौरान उन्होंने छात्र परिवहन सुरक्षा योजना लागू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों को शिक्षित करने के लिए सरकार ने चार साल में कई शिक्षण संस्थान खोले हैं, लेकिन लड़कियों को अपने शिक्षण संस्थान तक जाने में आज भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उनकी इस समस्या का समाधान करते हुए सरकार ने फैसला लिया है कि ग्रामीण अंचल की छात्रएं एकसाथ किसी एक प्राइवेट वाहन से कॉलेज पहुंच सकती हैं। इसका किराया सरकार वहन करेगी। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को सुरक्षा देने के लिए सरकार ने प्रदेश में अब तक 29 महिला पुलिस थाने खोले हैं। इसके अलावा दुर्गा शक्ति फोर्स का भी गठन किया गया है। लड़कियां अपने मोबाइल में दुर्गा एप लोड करें और किसी भी समस्या में वो इसका उपयोग करेंगी तो उनके पास तुरंत ही सुरक्षा पहुंच जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार साल पहले पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना शुरू की थी। इस योजना पर काम करते हुए आज प्रदेश में लिंगानुपात में बढ़ोतरी हुई है। लड़कियों की संख्या एक हजार के मुकाबले 922 हो चुकी है। हम तेजी से कन्याओं का अनुपात आगे बढ़ाने में सक्षम हो रहे हैं।