Thursday, July 24, 2014

झड़ते बालों के लिए घरेलू इलाज

नोट: इस पोस्ट को सोशल साइट्स पर शेयर/ ईमेल करने के लिए इस पोस्ट के नीचे दिए गए बटन प्रयोग करें। 
बाल हमारी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं, लेकिन जब बालों में कोई गड़बड़ी आ जाए तो यह हमारे लिए चिंता का विषय भी बन जाता है। कभी-कभी बालों का गिरना तो सामान्य-सी बात है, लेकिन रोजाना बालों का बहुत अधिक गिरना अच्छा नहीं है। सोचिए, अगर आपके बाल इसी तरह गिरते रहें, तो कुछ सालों में उनकी दशा क्या होगी। क्या आपको ये लग रहा है कि हम आपको डरा रहे है। जी नहीं, ये एक सच्चाई है जिस पर समय से ध्यान नहीं दिया जाए तो ये एक बड़ी समस्या का रूप ले सकती है। यदि आप भी बालों के गिरने से परेशान हैं, तो हम आपको
बताने जा रहे हैं कुछ खास नुस्खे जो इस समस्या में रामबाण हैं:
  • प्याज का उपयोग: प्याज बालों को गिरने से रोकता है, क्योंकि इसमें अधिक मात्रा में सल्फर मौजूद होता है। यही कारण है कि प्याज का रस बालों में लगाने पर इसमें पाया जाने वाला सल्फर रक्त संचार बढ़ाता है। इसका रस स्कल्प इन्फेक्शन को खत्म करता है। साथ ही, बालों को मजबूत बनाता है। प्याज को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें। इसके बाद रस को छान लें। इसे अपनी उंगली के पोरों से बालों में लगाएं। तीस मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद बालों को किसी अच्छे शैम्पू से धो लें। ये काम हफ्ते में तीन बार करें। 
  • प्याज के रस में शहद मिलाकर लगाएं: एक-चौथाई कप प्याज के रस में थोड़ा शहद मिलाएं। इस मिश्रण को बालों की जड़ों में लगाएं। बाल गिरने की समस्या खत्म हो जाएगी।  
  • ये भी है इलाज: एक प्याज काटकर रम से भरे एक गिलास में डाल दें। इसे रात भर रखा रहने दें। दूसरे दिन रम को छान लें। प्याज के टुकड़े अलग हो जाएंगे। इस रम से बालों की मसाज करें। हफ्ते में दो बार ऐसा करने से बाल गिरना बंद हो जाते हैं।  
  • मेथी के बीजों का उपयोग करें: रात में मेथी के बीजों को पानी में भिगो दें और सुबह इन्हें पीसकर बालों पर लेप करें। एक घंटे बाद बाल धो लें। ऐसा करने से कुछ दिनों में नए बाल आने लगेंगे।  
  • नारियल तेल भी है लाभदायक: नारियल के तेल में कपूर मिलाएं। बाल धोने से एक घंटा पहले यह तेल अच्छी तरह बालों में लगाएं। बाल गिरना बंद हो जाएंगे।  
  • चाय और कॉफी का सेवन कम करें: यदि आप नशीले पदार्थों का सेवन या धूम्रपान करते हैं तो बंद कर दें। बाल गिरना जल्द ही कम हो जाएंगे। अधिक से अधिक पानी पिएं और चाय व कॉफी लेना कम कर दें।  
  • सरसों के तेल को ऐसे लगाएं: सरसों के तेल में मेहंदी की पत्तियां डालकर गर्म करें। ठंडा करके बालों में लगाएं। रोजाना इसे लगाने से बालों का गिरना रुक जाता है।  
  • दालचीनी से भी होता है असर: एक चम्मच शहद और एक चम्मच दालचीनी पाउडर में थोड़ा जैतून का तेल मिलाकर पेस्ट बनाएं। नहाने से पहले इस पेस्ट को बालों में लगा लें। 15 मिनट बाद गर्म पानी से बाल धोएं। ऐसा करने पर कुछ ही दिनों में बाल गिरने की समस्या दूर हो जाएगी।  
  • अमरबेल भी है फायदेमंद: अमरबेल को पानी में उबालें। इस पानी से बाल धोने से बाल गिरने की समस्या खत्म हो जाती है।
  • जटामांसी का उपयोग: जटामांसी को नारियल तेल में उबाल लें। इस तेल को ठंडा करके किसी बोतल में भरकर रख लें। रोजाना रात को सोने से पहले इसकी मालिश करें। बालों का असमय सफेद होना और गिरना बंद  हो जाएगा। 
  • नमक और काली मिर्च: नमक और काली मिर्च एक-एक चम्मच और नारियल का तेल पांच चम्मच मिलाकर गंजेपन वाले स्थान पर लगाने से बाल फिर से आने की संभावना बढ़ जाती है।  
  • कलौंजी: कलौंजी को पीसकर पानी में मिलाएं और इस पानी से बाल धोएं। माना जाता है कि कलौंजी के पानी से बाल घने होते हैं।  
  • गेंदा: गेंदे के फूलों को पीसकर उनका रस निकाल लेंं। इनके रस को नारियल तेल में डालकर उबाल लें। इसे तब तक उबालें जब तक कि तेल में रस पूरी तरह मिश्रित न हो जाए। इसके बाद तेल को ठंडा करके किसी बोतल में भर लें। इस तेल को लगाने से बाल गिरने बंद हो जाते हैं। 
  • गुड़हल: गुड़हल के फूलों का रस निकाल लें। इससे बालों की मसाज करें। एक घंटे बाद सिर धो लें। बाल काले, घने और मजबूत हो जाएंगे।
  • आंवला और नीम: दो लीटर पानी में थोड़ा आंवले का चूर्ण और नीम की पत्तियां डालकर पानी को उबाल कर आधा कर लें। इस पानी से सप्ताह में कम से कम एक बार बाल धोएं। बाल गिरने बंद हो जाएंगे।
साभार: भास्कर समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE