Wednesday, July 22, 2015

हरियाणा में PPP मॉडल से संचालित होगा "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" अभियान

हरियाणा में पीपीपी मॉडल से बेटियों को बचाने और पढ़ाने का अभियान संचालित होगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने फिक्की और सीआईआई (कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज) के साथ एमओयू साइन किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस अभियान से कॉरपोरेट को भी जोड़ा जा रहा है। वे सेक्टर-44 स्थित एपिसेंटर में मंगलवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राज्य सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। खट्टर ने कहा कि प्रदेश के गांवों में लिंगानुपात का स्तर काफी खराब है। इसे सभी को मिलकर सुधारना होगा। अमेरिका भी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में अपना सहयोग देगा। कॉरपोरेट सेक्टर को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। इन सभी से आग्रह किया है कि वह सीएसआर में तहत जो रकम वह खर्च करते हैं उसे इस मद में खर्च करें। महिला व बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि हरियाणा में कई गांव ऐसे हैं जहां का लिंगानुपात 100 लड़कों के मुकाबले लड़कियों की 300 से भी कम है। यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या मामले में हरियाणा पर बड़ा दाग है। इसे धोना होगा। उन्होंने एनजीओ, कॉरपोरेट और सभी प्रकार की संस्थाओं से अपील किया कि वह इसमें सहयोग करें। भारत में अमेरिका के राजदूत रिचर्ड वर्मा ने कहा कि अमेरिका भी इस अभियान के साथ जुड़ना चाहता है। इस बारे में उन्होंने राष्ट्रपति ओबामा से बात करने को भी कहा।
70 प्रतिशत से अधिक लड़कियां एनिमिक: यूनिसेफ के कंट्री हेड लुई जार्ज ने कहा कि प्रदेश में 70 प्रतिशत से अधिक लड़कियां एनीमियां से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छा नहीं है। लड़कियां सही होंगी तभी भारत की अर्थव्यवस्था अच्छी होगी।
परिणीति चोपड़ा ने सुनाई कहानी: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की हरियाणा एंबेसडर बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा एपिक सेंटर में अपनी कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि वह इंग्लैंड जाकर पढ़ना चाहती थीं, लेकिन आर्थिंक तंगी के कारण वह वहां नहीं जा सकीं। अंत में मुंबई जाकर संघर्ष किया और मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि उनके मां-बाप ने कभी भी उन्हें रोका नहीं। यही कारण है कि आज वह अच्छी स्थिति में हैं। चोपड़ा ने कहा कि हरियाणा सरकार से ब्रांड एंबेसडर बनाकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौपी है। अब वह एक एनजीओ बनाकर इसमें अपना सहयोग देंगी। अभिनेत्री ने कहा कि अगर उन्हें किसी फिल्म में हरियाणवी लड़की का रोल मिलेगा तो उसे निभाएंगी। 

साभार: अमर उजाला समाचार 

For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.