Wednesday, May 1, 2019

चुनाव प्रचार: चौटाला का गढ़ अमित शाह और हुड्डा का किला मोदी के हवाले

साभार: जागरण समाचार  
भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटी गुरुग्राम लोकसभा सीट को अपने लिए सेफ मानकर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस एक लोकसभा क्षेत्र को छोड़कर बाकी नौ
संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां करेंगे। अमित शाह को छह सीटों पर रैलियां करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि प्रधानमंत्री मोदी तीन लोकसभा क्षेत्रों में रैली करेंगे। 
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य 10 लोकसभा सीटों में से सात जीती थीं। इस बार मिशन-10 का टारगेट लेकर चल रही है। हिसार, रोहतक और सिरसा लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले चुनाव में भाजपा कमल नहीं खिला सकी। इस बार तीनों लोकसभा सीटें भाजपा के जीत के एजेंडे में शामिल हैं। राष्ट्रीय नेताओं की रैलियों के कार्यक्रम इस हिसाब से तय किए हैं, ताकि तीनों लोकसभा सीटों को प्रचार की दृष्टि से कवर किया जा सके। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 5 मई को सोनीपत, करनाल और अंबाला लोकसभा सीटों को कवर करने के लिहाज से सोनीपत, पानीपत और यमुनानगर में तीन बड़ी रैलियां करेंगे। इसके बाद शाह 10 मई को हरियाणा आएंगे। तब हिसार संसदीय क्षेत्र को कवर करने के लिए बरवाला, फरीदाबाद के लिए पलवल और भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र को कवर करने के लिए चरखी दादरी में तीन बड़ी रैलियां करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का अभी 8 मई का कार्यक्रम तय हुआ है। इस दिन मोदी कुरुक्षेत्र और सिरसा लोकसभा सीटों को कवर करेंगे। मोदी पहली रैली कुरुक्षेत्र और दूसरी फतेहाबाद में करेंगे। कुरुक्षेत्र में राजकुमार सैनी भाजपा के बागी सांसद रहे हैं। अब वे अपनी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी बना चुके और उनका बसपा के साथ गठबंधन है। मोदी को 10 मई को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस के गढ़ रोहतक में लाने की कोशिश हो रही है। यहां से दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस के टिकट पर चौथी बार और डा. अरविंद शर्मा भाजपा के टिकट पर चुनावी रण में हैं।
  • राष्ट्रीय नेताओं से रैलियों का समय मांगा गया है। कुछ रैलियां फाइनल हो गईं और कुछ अभी बाकी हैं। राष्ट्रीय नेता राज्य में रोड शो और जनसंपर्क भी करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले से स्टार प्रचारक के तौर पर जनसंपर्क, रैलियां व रोड शो कर रहे हैं। अमित शाह और नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे के बाद भाजपा के हक में एकतरफ माहौल देखा जा सकेगा। - राजीव जैन, मीडिया सलाहकार, सीएम हरियाणा