Tuesday, November 4, 2014

सुबह जल्दी उठना मुश्किल तो है, परन्तु ये कार्य अवश्य करें

नोट: इस पोस्ट को सोशल साइट्स पर शेयर/ ईमेल करने के लिए इस पोस्ट के नीचे दिए गए बटन प्रयोग करें। 
आज के दौर में काफी अधिक ऐसे लोग हैं जो सूर्योदय से भी बहुत देर बाद बिस्तर का त्याग करते हैं। देर से उठने को अच्छी आदत नहीं माना जाता है। ब्रह्म मुहूर्त या सूर्योदय के समय हमें उठ जाना चाहिए। यह प्राचीन परंपरा है। वैसे थोड़ा मुश्किल है, लेकिन सुबह जल्दी उठेंगे तो स्वास्थ्य लाभ के साथ ही अन्य लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। दिनभर स्फूर्ति बनी रहती है। यहां जानिए
इस परंपरा से जुड़ी कुछ और खास बातें और सुबह-सुबह कौन-कौन से काम करना चाहिए:

  • सुबह-सुबह पीना चाहिए ऐसा पानी: सुबह जल्दी उठकर तांबे के बर्तन में रखा पानी पीना चाहिए। इसके लिए रात को सोते समय तांबे के लोटे में पानी भरकर रखें और सुबह उठकर इस पानी को पी लेना चाहिए। इस उपाय से पेट से संबंधित कई छोटी-छोटी बीमारियां स्वत: ही नष्ट हो सकती हैं। पेट साफ रहता है और त्वचा संबंधी रोगों में भी लाभ मिल सकता है। यह उपाय करने से पहले किसी चिकित्सक से परामर्श कर लेना चाहिए। 
  • सुबह की शुरुआत अच्छी होगी तो दिन होगा अच्छा: ऐसा कहते हैं कि यदि किसी काम की शुरुआत अच्छी हो तो सब अच्छा ही अच्छा होता है। यह बात सुबह उठने की परंपरा पर भी लागू होती है। यदि धार्मिक नियमों की मानें तो सुबह-सुबह जल्दी उठकर अपनी हथेलियों का दर्शन करेंगे तो आपका पूरा दिन शुभ हो सकता है। 
  • देर तक सोने पर मिलते ये हैं अशुभ फल: जो लोग नियमित रूप से सूर्योदय के बाद ही उठते हैं, उनके चेहरे का तेज खत्म होता है। बुढ़ापे से पहले ही त्वचा बेजान नजर आने लगती है। दिनभर आलस्य बना रहता है। कार्य के लिए ऊर्जा नहीं रहती है। शरीर बेडोल हो सकता है। पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। यदि लंबे समय तक इसी आदत का शिकार रहते हैं तो शरीर कमजोर हो सकता है। हमारी रोग प्रतिरोधी क्षमता कम हो सकती है। विज्ञान भी मानता है कि सुबह जल्दी उठना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। 
  • धार्मिक महत्व: शास्त्रों के अनुसार इन अशुभ प्रभावों के साथ ही व्यक्ति को धर्म लाभ भी प्राप्त नहीं हो पाता है। देर तक सोने वाले व्यक्ति को देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त नहीं हो पाती है। कार्यों में कड़ी मेहनत के बाद भी आशा के अनुरूप फल प्राप्त नहीं हो पाते हैं। व्यक्तित्व का आकर्षक कम हो सकता है, इस कारण समाज में उचित मान-सम्मान प्राप्त नहीं हो पाता है। 
  • सुबह जल्दी उठकर करना चाहिए योग और ध्यान: सुबह-सुबह जल्दी उठने के बाद नित्य कर्मों से निवृत्त होकर योग और ध्यान करना शरीर को ऊर्जावान बनाता है। जो लोग नियमित रूप से सुबह योग और ध्यान करते हैं, उनका व्यक्तित्व बहुत ही आकर्षक होता है। ऐसे लोगों से जो भी मिलता है, वह इनसे आकर्षित हो जाता है। चेहरे का तेज बढ़ता है। लंबे समय तक बुढ़ापे के रोगों से बचाव होता है। शरीर का अंग-अंग स्वस्थ रहता है। 
  • सुबह की वायु होती है स्वास्थ्यवर्धक: सुबह की वायु बहुत ही फायदेमंद होती है। इस वजह से लोग टहलने जाते हैं। सुबह-सुबह वातावरण शुद्ध रहता है। वाहनों का शोर नहीं होता है और ना ही वाहनों से निकलने वाला जहरीला धुआं होता है। एकदम शुद्ध वायु शरीर को ऊर्जा देती है और स्वास्थ्य लाभ प्रदान करती है। यह हवा फेफड़ों की शुद्धि भी करती है। इस कारण सुबह जल्दी उठकर किसी हरियाली वाले क्षेत्र में टहलना चाहिए।
Post published at www.nareshjangra.blogspot.com
साभार: भास्कर समाचार