Monday, August 13, 2012

राजस्थान में स्कूल लेक्चरर भर्ती नियमों में संशोधन, नियम पहले की बजाय ढीले हुए

राजस्थान सरकार ने स्कूल शिक्षा में विज्ञान विषय के वरिष्ठ अध्यापक और व्याख्याताओं के नियुक्ति नियमों में कुछ महत्त्वपूर्ण संशोधन किए हैं। कार्मिक विभाग ने राजस्थान शिक्षा अधीनस्थ सेवा नियम-1971 में संशोधन करते हुए माइक्रो बायोलॉजी, बायो टैक्नोलॉजी, बायो केमेस्ट्री, भौतिक, रसायन, जंतु और वनस्पति विज्ञान में से कोई दो वैकल्पिक विषयों में स्नातक और बीएड को विज्ञान विषय अध्यापक के लिए पात्र माना है।
इसी प्रकार राजस्थान शिक्षा सेवा नियम-1970 में संशोधन कर "व्याख्याता स्कूल शिक्षा" पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित विषय से पोस्ट ग्रेजुएट और बीएड व्यक्ति को पात्र माना गया है। अब विभिन्न विषयों में
तृतीय श्रेणी वाला अभ्यर्थी भी व्याख्याता बनने के लिए परीक्षा दे सकेगा। इससे पहले द्वितीय श्रेणी में पास होने पर ही कोई अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पात्र था। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में 16 अप्रैल 2010 को जंतु, वनस्पति, और रसायन विज्ञान तीनों विषयों से स्नातक तथा बीएड को ही वरिष्ठ अध्यापक विज्ञान के लिए पात्र माना गया था और इन्हीं अर्हता वालों का वर्ष 2008 व 2011 में राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर के तहत वरिष्ठ अध्यापक के पदों पर चयन किया गया था। दूसरी तरफ राज्य में 9वीं से 12वीं कक्षा में एन.सी.ई.आर.टी. का पाठ्यक्रम लागू है। केंद्रीय स्कूलों में एन.सी.ई.आर.टी. विज्ञान पाठ्यक्रम पढ़ाने के लिए रसायन, जंतु और वनस्पति विज्ञान से स्नातक को ही पात्र माना जाता है।
राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री महेन्द्र पांडे का कहना है कि राज्य में 9वीं व 12वीं कक्षा में एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम संचालित है। अब शिक्षक नियुक्तियों के लिए योग्यता व पात्रता केंद्रीय स्कूलों के समान रखी जानी चाहिए।
गणित संकाय के भी रास्ते खुले: सरकार के नियुक्ति नियमों में संशोधन से गणित संकाय वालों के लिए रास्ते खुल गए हैं। स्नातक स्तर पर गणित विषय के साथ भौतिक और रसायन विज्ञान लेना होता है। इस आदेश से गणित के स्नातक, वरिष्ठ अध्यापक विज्ञान के लिए पात्र हो गए हैं, चाहे वे स्वयं स्नातक स्तर पर जंतु व वनस्पति विज्ञान न पढ़े हों।
किसको फायदा - किसको नुकसान: नए संशोधनों से भौतिक, रसायन विज्ञान और गणित से स्नातक को विज्ञान और गणित दोनों पर चयन के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा अधिस्नातक डिग्री में तृतीय श्रेणी आने वालों को भी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होकर व्याख्याता बनने के अवसर मिलेंगे। लेकिन गृह विज्ञान, कृषि जैसे समकक्ष विषयों के स्नातकों को वरिष्ठ अध्यापक विज्ञान बनने का अवसर नहीं मिलेगा।
साभार: दैनिक भास्कर समाचार