Thursday, December 28, 2017

जाधव की पत्नी के जूतों की होगी फॉरेंसिक जांच, पाक गढ़ सकता है कोई झूठी कहानी

साभार: जागरण समाचार 
पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव की पत्नी के जूतों में धातु से बना उपकरण लगे होने का शक जताया और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पाक अधिकारियों का दावा है कि यह उपकरण कैमरा या रिकॉर्डिग चिप हो
सकती है। यह शक पाकिस्तानी विदेश मंत्रलय के प्रवक्ता मुहम्मद फैसल ने भी जताया है। भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी जाधव से मिलने उनकी मां और पत्नी सोमवार को इस्लामाबाद गई थीं। उसी दौरान सुरक्षा के बहाने पाकिस्तानी अधिकारियों ने मां और पत्नी के मंगलसूत्र, बिंदी, चूड़ियां और जूते उतरवाए थे। कपड़े भी बदलवाए थे। मुलाकात के बाद में सभी वस्तुएं वापस कर दीं लेकिन जूते नहीं लौटाए। इसी के बाद भारतीय अधिकारियों को शक पैदा हुआ कि पाकिस्तान उन्हें लेकर कोई नई कहानी गढ़ सकता है।  
कुलभूषण जाधव को आतंकवाद भड़काने के दोष में पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने मौत की सजा सुनाई है। अदालत ने जाधव को कानूनी मदद दिए बगैर एकतरफा फैसले में यह सजा सुनाई है। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने भारत की अपील पर सजा के अमल पर फिलहाल रोक लगा दी है। अखबार डॉन में प्रकाशित खबर के मुताबिक पाकिस्तानी विदेश मंत्रलय ने जाधव की पत्नी की जूतों में धातु से बनी कोई वस्तु होने की पुष्टि की है। प्रवक्ता के अनुसार जाधव की पत्नी को बदले में जूते दिए गए हैं। मंगलवार रात के बयान में विदेश मंत्रलय ने जूतों में कुछ संदिग्ध वस्तु होने की बात कही थी लेकिन बुधवार को सोल में धातु से बनी वस्तु लगे होने का बयान दिया। पाकिस्तान ने उस भारतीय बयान को बेबुनियाद बताया है जिसमें कहा गया है कि जाधव की पत्नी और मां का उत्पीड़न किया गया। कहा कि जूतों में कुछ लगा होने के शक में सुरक्षा के आधार पर जूतों को जब्त किया गया है। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने भारत से आ रहे बयानों को शब्दों की फिजूल की लड़ाई करार दिया है। कहा कि ये बयान मुलाकात खत्म होने के 24 घंटे बाद आ रहे हैं। अगर कुछ भी गलत हुआ था तो मुलाकातियों के साथ मौजूद भारतीय उप उच्चायुक्त तत्काल उस पर आपत्ति जता सकते थे। लेकिन वैसा कुछ नहीं हुआ। जबकि भारतीय विदेश मंत्रलय ने पाकिस्तान के कदम को सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताओं का उल्लंघन बताया। कहा कि मंगलसूत्र, चूड़ियों और बिंदी से सुरक्षा में खतरा पैदा होने की बात कहना सरासर गलत है।
सामने आया बदसलूकी का वीडियो: जाधव की मां और पत्नी के साथ मीडिया की बदसलूकी का वीडियो भी सामने आ गया है। पाकिस्तानी न्यूज चैनल के इस वीडियो में रिपोर्टर दोनों भारतीय महिलाओं के बेहद करीब आकर उनसे आपत्तिजनक सवाल पूछते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। यह स्थिति तब थी जबकि दोनों देशों के बीच मीडिया को नजदीक न आने देने की सहमति बनी थी।