Saturday, April 15, 2017

दुबई को दुनिया का सबसे खुशहाल शहर बनाने के लिए जगह-जगह लगाए हैप्पीनेस मीटर, लोग बता रहे कि वे कितने खुश हैं

यूएईहैप्पीनेस मंत्रालय बनाने के बाद अब दुबई को दुनिया का सबसे खुशहाल शहर बनाने में लगा है। यहां रहने वाले लोग कितना खुश है, इसे मापने के लिए शहर भर में जगह-जगह टच पॉइंट्स वाले हैप्पीनेस मीटर लगाए
गए हैं। इस पर शहर और बाहर से आने वाले लोग अपना फीडबैक दे सकते हैं। हर मीटर पर 3 पॉइंट्स बने हुए हैं। पहला हैप्पी फेस, दूसरा नेचुरल फेस और तीसरा सैड फेस का है। इस पर कोई भी व्यक्ति अपनी संतुष्टि के अनुसार रेटिंग्स दे सकता है। इनमें हैप्पी फेस की कुल संख्या कितनी है, इस आधार पर हर साल शहर का हैप्पीनेस स्कोर जारी किया जाएगा। 
शहर में इन मीटर्स को हैप्पीनेस मंत्रालय द्वारा लगवाया जा रहा है। मकसद रोजाना लोगों के खुशी के अनुभव को जानना है। स्मार्ट दुबई की डॉयरेक्टर डॉ. आइशा बिन बिशर कहती हैं 'हम दुबई को देश का ही नहीं दुनिया का सबसे खुशहाल शहर बनाना चाहते हैं। इसीलिए इन टच पॉइंट्स वाले हैप्पीनेस मीटर को लगाया गया है। हम लोगों की राय जानना चाहते हैं। खासकर, शहर के लोगों की। ताकि यह जान सकें कि वे शहर में मिलने वाली सुविधाओं से कितना खुश हैं। अब तक करीब 60 लाख लोगों ने हैप्पीनेस मीटर्स पर फीडबैक दिया है। इनमें से करीब 90 फीसदी लोग खुश हैं। हमारा लक्ष्य दुबई के हैप्पीनेस इंडेक्स को 2021 तक 95 फीसदी ले जाना है। लोग खुश होंगे तो शहर अपने आप खुशहाल होगा। साथ ही लोगों में पॉजिटिविटी भी आएगी।' वहीं, दुबई को खुशहाल बनाने के लिए शहर में करीब 55 तरह की सुविधाएं शुरू की गई हैं। जगह-जगह सेंसर से लैस कूड़ेदान लगाए गए हैं, जो भर जाने के बाद अलर्ट भेजते हैं। इसके अलावा 'दुबई नॉउ' नाम का एप बनाया गया है। इसके माध्यम से लोग अपने बिल और फाइन को जमा कर सकते हैं। यूएई की पहली हैप्पीनेस मंत्री ओहुद अल रोउमी ने पिछले साल शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने सभी मंत्रालयों में 60 हैप्पीनेस सीईओ की नियुक्ति की है। उनका काम हैप्पीनेस को प्रमोट करना और लोगों की रोजाना की जिंदगी को बेहतर बनाना है। मंत्रालय देश में हैप्पीनेस पार्क बनवा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग एक्सरसाइज करें। इसके अलावा हैप्पीनेस जर्नी और लॉफ्टर मेडिटेशन कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। 2017 की वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में यूएई 21 नंबर पर है। 

Post published at www.nareshjangra.blogspot.com
साभार: भास्कर समाचार 
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE. Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.