Tuesday, February 27, 2018

हार्ट अटैक नहीं थी श्रीदेवी की मौत की वजह, शराब के नशे में बाथटब में गिरने से हुई मौत

साभार: जागरण समाचार 
बॉलीवुड की सबसे कामयाब अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन का रहस्य गहराता जा रहा है। उनकी मौत के कारणों को लेकर सामने आई अलग-अलग वजहों के बीच दुबई पुलिस और प्रशासन की सख्ती के चलते सोमवार को
दिनभर श्रीदेवी के पार्थिव शरीर के मुंबई आने का इंतजार होता रहा। अब माना जा रहा है कि यह इंतजार अब मंगलवार तक के लिए टल गया है। शनिवार देर रात श्रीदेवी के निधन का पहला कारण हार्ट अटैक माना गया जो कुछ देर बाद कार्डिक अरेस्ट में बदल गया। सोमवार दोपहर यही माना जा रहा था और इंतजार सिर्फ इस बात का था कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाए। इसके बाद मुंबई लाकर श्रीदेवी के अंतिम संस्कार की औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाए। दोपहर बाद घटनाक्रम तेजी से बदलना शुरू हुआ। पोस्टमार्टम की पहली रिपोर्ट में कहा गया कि बाथटब में दुर्घटनावश डूब जाने से मौत हुई। साथ ही कहा गया कि जांच में श्रीदेवी के खून में नशे की मात्र पाई गई। सोशल मीडिया पर अंग्रेजी भाषा में इस पहली रिपोर्ट को जाली माना गया क्योंकि दुबई पुलिस का सारा काम स्थानीय अरबी में होता है। ‘गल्फ न्यूज’ के हवाले से दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की थ्योरी सामने आई जो अरबी भाषा में थी। इसमें भी कारण दुर्घटनावश बाथटब में डूबना माना गया। हालांकि जानकार इन कारणों पर शंका जता रहे हैं।
सरकारी वकील को सौंपा मामला: पुलिस ने अपनी जांच के बाद पूरा मामला आगे की जांच के लिए वहां के सरकारी वकील के सुपुर्द कर दिया है और इसके बाद अपुष्ट रूप से दो अहम खबरों की जानकारी मिली है। एक खबर यह है कि दुबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर से पूछताछ की है और यहां तक संकेत मिले हैं कि बोनी कपूर का पासपोर्ट पुलिस ने अपने पास रख लिया है। दूसरी खबर यह बताई जा रही है कि सरकारी पुलिस अब तक की जांच से संतुष्ट नहीं है और जांच आगे बढ़ाने के संकेत हैं। अगर ऐसा होता है तो न सिर्फ शव को मुंबई लाने में और विलंब हो जाएगा, बल्कि बोनी पर गिरफ्तारी का संकट गहरा सकता है।
सरप्राइज डिनर के लिए तैयार हो रही थीं श्रीदेवी: यूएई के अखबार ‘खलीज टाइम्स’ के मुताबिक, श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई आई थीं। शादी समारोह खत्म होने के बाद बोनी कपूर, उनकी छोटी बेटी खुशी और परिवार के ज्यादातर सदस्य मुंबई लौट गए थे, लेकिन श्रीदेवी वहीं रुक गई थीं। शनिवार को बोनी कपूर अपनी पत्नी को सरप्राइज डिनर देने के लिए दुबई लौट आए थे। वह दुबई के समयानुसार शाम करीब 5.30 बजे एमिरेट्स टावर्स होटल पहुंचे। उन्होंने सो रही श्रीदेवी को जगाया और दोनों ने करीब 15 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद श्रीदेवी तैयार होने के लिए बाथरूम में चली गईं। जब 15 मिनट तक वह बाहर नहीं आईं तो बोनी कपूर ने दरवाजा खटखटाया। लेकिन उन्हें अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बोनी ने बल प्रयोग करके दरवाजा खोला तो देखा श्रीदेवी बाथटब में अस्थिर पड़ी हुई थीं और बाथटब पानी से लबालब भरा था। अखबार के मुताबिक, ‘उन्होंने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने अपने एक दोस्त को बुलाया। रात करीब 9 बजे उन्होंने पुलिस को सूचना दी।’ सूचना मिलने के बाद पुलिस और पैरामेडिक्स वहां पहुंचे और श्रीदेवी को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को ऑटोप्सी के लिए फोरेंसिक मेडिसिन के जनरल डिपार्टमेंट ले जाया गया।