Sunday, February 25, 2018

हरियाणा पुलिस भर्ती के नियमों में बदलाव: परीक्षा पास पुरुष को 2.5, महिला को एक किलोमीटर दौड़ना होगा

साभार: भास्कर समाचार
हरियाणा पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे प्रदेश के युवाओं का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। सरकार जल्द प्रक्रिया शुरू करने वाली है। इंतजार है पुलिस भर्ती के लिए बनाई जा रही नई पॉलिसी पर सरकार की मुहर
लगने का। पुलिस मुख्यालय से पूरा मसौदा तैयार कर सरकार के पास भेजा जा चुका है। वहां इसे हरी झंडी मिलने के बाद प्रदेश में करीब 6 हजार जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 
इसमें 400 से ज्यादा सब इंस्पेक्टर भर्ती किए जाएंगे। इसमें हायर एजुकेशन के अतिरिक्त अंक भी मिलेंगे। कुल 100 अंक में 80 अंक का रिटन टेस्ट होगा, जबकि 10 अंक हायर एजुकेशन और 10 अंक सरकार की ग्रुप-सी, बी और डी के लिए लागू की गई पॉलिसी के अनुसार सामाजिक और आर्थिक आधार पर दिए जाएंगे। सब इंस्पेक्टर के लिए यदि कोई अभ्यर्थी ग्रेजुएशन लेवल पर लॉ, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, फॉरेंसिक, मेडिसन, साइबर, पुलिस साइंस आदि की पढ़ाई किए हुए हैं तो उसे 4 अंक मिलेंगे और यदि मास्टर डिग्री है तो 3 अंक और मिलेंगे, जबकि कांस्टेबल के लिए ग्रेजुशन के 4 और मास्टर डिग्री के 3 अंक तय किए हैं। 
नई पॉलिसी में भर्ती के लिए दौड़ आधी की है। पहले पुरुषों के लिए 5, महिला के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ तय थी, लेकिन अब पुरुषों को ढाई किलोमीटर की दौड़ के लिए 12 मिनट, महिलाओं को 1 किलोमीटर की दौड़ के लिए 6 मिनट और भूतपूर्व सैनिकों को 1 किलोमीटर की दौड़ 5 मिनट में पूरी करनी होगी। पहले दौड़ की दूरी ज्यादा होने पर समय भी दोगुना था। भीड़ को कम करने के लिए इससे पहले रिटन टेस्ट होगा। इसे क्वालीफाई करने के बाद ही अभ्यर्थी आगे की प्रक्रिया में शामिल हो पाएंगे। रिटन टेस्ट में मेरिट के आधार पर कुल पदों से 7 गुना अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा। 
गुड़गांव के लिए भर्ती होंगे एसपीओ: पुलिस महकमे में गुड़गांव में सिक्योरिटी को लेकर एक हजार स्पेशल पुलिस ऑफिसर की भर्ती की जाएगी। यह पीएसओ रात में 8 घंटे ड्यूटी करेंगे। यहां प्रयोग सफल होने के बाद अन्य जिलों के लिए भर्ती की जाएगी। 

भर्ती जल्द - डीजीपी: नई पॉलिसी पास होते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अभी करीब 6 हजार भर्तियां कर रहे हैं। यह पूरी होने के बाद नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीएस संधू, डीजीपी। 
60 हजार पद स्वीकृत, भर्ती के बाद 9 हजार रह जाएंगे खाली: प्रदेश में करीब 60 हजार पद पुलिस के स्वीकृत हैं। फिलहाल करीब 45 हजार पदों पर जवान कार्यरत हैं। अभी 15 हजार पद खाली हैं। 6 हजार जवानों की भर्ती के बाद भी 9 हजार पद खाली रह जाएंगे। 
पूर्व में जमा आवेदनों पर संशय: पिछले साल 5500 पदों के लिए मांगे गए आवेदन नई पॉलिसी के तहत मान्य होंगे या नहीं, इस पर अभी संशय है। करीब 5 लाख युवाओं ने आवेदन किया था। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन भारत भूषण भारती का कहना है कि अभी नए रूल्स आए नहीं हैं। उन्हें देखा जाएगा कि कितना चेंज है।