Saturday, December 16, 2017

20 किमी की गति से चली शीत लहर, आज से गहराएगी धुंध; अगले दो दिनों में जम सकता है पाला

साभार: भास्कर समाचार
कड़ाके की ठंड का दौर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। दिन का पारा 15 डिग्री रहा, जबकि रात के तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई। यह 9.8 से घटकर 9.5 डिग्री पर गया। दिन में करीब 20 किलोमीटर की गति से
पछुआ हवा चली। दिन में सूर्य की चमक साढ़े तीन घंटे ही रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 दिसंबर तक शीत लहर चल सकती है। इससे सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है, जबकि रात को पाला भी जमने की संभावना है। 
सुबह रही हल्की धुंध: आईएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह हल्की धुंध रही। शनिवार से यह और गहरा सकती है। उधर, हिसार में दिन का तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ धुंध और गहराने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री से घटकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर गया।