Thursday, October 19, 2017

हर्षिता दहिया हत्याकांड: बहन का दावा- हर्षिता से रेप के आरोपी जीजा ने तिहाड़ से रची हत्या की साजिश

हरियाणवी डांसर-सिंगर हर्षिता दहिया की बड़ी बहन लता ने अपने पति दिनेश पर ही हर्षिता की हत्या कराने का आरोप लगाया है। वह दुष्कर्म के आरोप में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। लता का आरोप है कि दिनेश ने जेल
से हर्षिता की हत्या की साजिश रची। लता ने बताया कि उनके पिता राजकुमार की 6 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद हर्षिता लता के पास दिल्ली के कराला गांव में रहने लगी थी। जब हर्षिता 10वीं में पढ़ती थी तब जीजा दिनेश ने स्कूल से भरी कक्षा से उठा उससे दुष्कर्म किया था। हर्षिता की मां प्रेमाे ने दिनेश पर केस दर्ज करा दिया। दबाव बनाने पर भी प्रेमो ने समझौता नहीं किया। 2014 में दिनेश पर प्रेमो की गोली मारकर हत्या करने का केस भी दर्ज है। हर्षिता मां की हत्या की चश्मदीद गवाह थी। डीएसपी क्राइम देशराज का कहना है कि हर्षिता को दिनेश लगातार धमकी दे रहा था। उसी पर हत्या का शक है। उससे पूछताछ की जाएगी। 
भारी दबाव के बावजूद गवाही नहीं छोड़ी: हर्षिता की बड़ी बहन लता की शादी कराला में और मझली बहन मीनू की शादी बिजवासन में हुई थी। पिता राज कुमार और मां प्रेमो की मौत के बाद हर्षिता नरेला में मौसी के घर रहने लगी थी। दिनेश के डर के मारे दोनों बहनों ने हर्षिता से संपर्क तोड़ लिया था। घर चलाने के लिए हर्षिता डांसिंग और सिंगिंग करने लगी। इसमें कामयाबी मिली। अब हर्षिता जीजा दिनेश से सीधे टकराने की हिम्मत दिखा रही थी। दबाव के बाद भी उसने अपनी मां प्रेमो की हत्या के मामले में गवाही नहीं छोड़ी। 
दिनेश पर दुष्कर्म, हत्या सहित आधा दर्जन केस: दिनेश दिल्ली के बदमाशों में शामिल है। उस पर हर्षिता की मां प्रेमो की हत्या, हर्षिता से दुष्कर्म समेत हत्या हत्या की कोशिश के करीब छह केस दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। उसे सोनीपत की सीआईए, एसआईटी ने करीब दो साल पहले मोहाना गांव के पास से पीछा कर जट्ट माजरा गांव में पकड़ा था। दिनेश को अभी किसी केस में सजा नहीं हुई है। 
हर्षिता ने भी दिनेश को मारी थी गोली: 2014 में हर्षिता ने धमकियों से तंग आकर और अपने साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए दिनेश पर गोली चलाई थी। हालांकि, दिनेश बाल-बाल बच गया था। दिल्ली पुलिस ने मामले में हर्षिता के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया था।
मौसी भी नहीं आई शव देखने शरीर से निकली 3 गोलियां: हर्षिता की बहन लता दिनेश से 2 साल से अलग रह रही है। उसे भी जान का खतरा है। बहन की मौत की सूचना पर करीब 11 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच सिविल अस्पताल पहुंची। वहां पुलिस ने उसके बयानों पर शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम कराकर शव उसे सौंप दिया। पुलिस ने हर्षिता की साथी सिंगर निशा, प्रदीप कुमार संदीप भगत से भी पूछताछ की। प्रदीप निवासी राठधाना, सोनीपत के बयानों पर अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।
बदला लेने के लिए गैंगस्टर रविंद्र पुगथला के गैंग में शामिल हुई थी हर्षिता: मां की हत्या और खुद के साथ हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए हर्षिता कुख्यात गैंगस्टर रविंद्र पुगथला के गैंग में भी शामिल हो गई थी। वह अपनी जान के खतरे को देखते हुए रवींद्र पुगथला के गुर्गे शक्ति के साथ रहने लगी थी। 2016 में रविंद्र पुगथला को सोनीपत के कामी रोड पर गिरफ्तार करने गई सीआईए टीम के साथ हर्षिता ने मुठभेड़ भी की थी। इसमें रविंद्र फरार हो गया था। हर्षिता और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। तब हर्षिता से अवैध हथियार बरामद हुए थे। मगर कोर्ट मं नाबालिग का सर्टिफिकेट पेश करने पर उसे जमानत मिल गई थी। इस मामले में अब तक वह जमानत पर ही चल रही थी। रविंद्र पुगथला करीब 8 माह पहले सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। इससे हर्षिता को मारने के लिए जीजा का रास्ता साफ हो गया था।