Thursday, October 12, 2017

एशिया कप हॉकी: भारत ने जापान को 5-1 से हराया

साभार: भास्कर समाचार
एशिया कप हॉकी में भारत ने धमाकेदार शुरुआत की। विश्व में छठे नंबर की भारतीय टीम ने जापान को 5-1 से शिकस्त दी। जापान की विश्व में रैंकिंग 17वीं है। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने 2, एसवी सुनील, ललित
उपाध्याय और रमनदीप सिंह ने 1-1 गोल दागे। जापान की ओर से एकमात्र गोल केनजी किताजातो ने किया। भारत का दूसरा मुकाबला 13 अक्टूबर को मेजबान बांग्लादेश से होगा। भारतीय टीम ने खेल के तीसरे ही मिनट में बढ़त ले ली थी, जब एसवी सुनील ने खाता खोला। किताजातो ने चौथे ही मिनट में जापान को बराबरी दिला दी। इसके बाद 22वें मिनट में ललित उपाध्याय ने भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने जोरदार हमले किए। इस दौरान भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। हाफ टाइम तक भारत की बढ़त बरकरार रही। तीसरे क्वार्टर में भारत ने जोरदार हॉकी खेली। 32वें मिनट में रमनदीप ने बढ़त 3-1 कर दी। 35वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 4-1 कर दिया। आखिरी क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने 48वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत को 5-1 से आगे कर दिया, जो निर्णायक रहा। 
इस टूर्नामेंट के पूल-ए में भारत, जापान के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश हैं वहीं पूल-बी में मलेशिया, दक्षिण कोरिया, चीन और ओमान की टीमें हैं। दक्षिण कोरिया सर्वाधिक 4 (1993, 1999, 2009, 2013) बार एशिया कप चैंपियन रहा। पाकिस्तान 3 (1982, 1985, 1989) और भारत 2 (2003, 2007) बार यह खिताब अपने नाम कर चुके हैं।