Monday, October 9, 2017

क्लर्क की नौकरी के नाम पर भी लिए थे पैसे, महिला भाजपा नेता समेत 3 पर मामला दर्ज

साभार: भास्कर समाचार
सरकारी नौकरी के नाम पर रुपये लेने के मामले में नया खुलासा हुआ है। भाजपा नेता ने दो लोगों से क्लर्क की भर्ती के नाम पर भी रुपये लिए थे। आरोपी भाजपा महिला मोर्चा ग्रामीण मंडल सचिव रजनी देवी ने यह बात
कबूली है। रविवार शाम रजनी समेत तीन लोगों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज कर लिया गया। इससे पूर्व महिला भाजपा नेता के बयान के आधार पर रविवार को पुलिस डीएसपी गुरदयाल सिंह के पास दोनों पक्षों को लेकर पहुंची। धांगड़ के संजय कुमार ने बताया कि उसे क्लर्क लगवाने के नाम पर 80 हजार रुपये लिए गए थे। गांव भाणा भोड़ाबिश्नोइयां के संदीप से एक लाख 25 हजार रुपये लिए गए। दोनों को नौकरी नहीं मिली। इसे भाजपा की महिला नेता ने स्वीकार भी किया। रजनी देवी ने हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमैन सुनीता दुग्गल के पीए कहे जाने वाले सतपाल बाजीगर का नाम लिया था, जिसको उसने कथित तौर पर रुपये दिए गए थे। अब शिकायतकर्ता को बड़े भाजपा पदाधिकारियों की तरफ से धमकी मिल रही है कि भाजपा की निगरानी कमेटी से शिकायत में उनके नाम क्यों लिखवाए। 
मंत्री बेदी बोले- पैसे लेने वाली भाजपा की नेता नहीं: रविवार को एक होटल में सामाजिक एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी मीटिंग ले रहे थे, तभी एक पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा नेता को रुपये देने वालों पर भी मामला दर्ज होना चाहिए। बाद में बेदी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि वो महिला भाजपा की नेता नहीं है। तीन महीने पहले उसे पद से हटा दिया गया था।