Friday, May 1, 2015

कंप्यूटर शिक्षकों के बाद अब लैब सहायक भी स्कूलों से बाहर

हरियाणा शिक्षा विभाग ने वीरवार को प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्य कर रहे 2622 कंप्यूटर लैब सहायकों की सेवा समाप्त किए जाने का फरमान जारी कर दिया। यह लैब सहायक गत 9 मार्च से अपनी मांगों के समर्थन में पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर धरने पर बैठे हैं। लैब सहायक संघ के प्रधान सुरेंद्र प्योंत ने बताया कि वीरवार देर शाम उन्हें शिक्षा विभाग केफरमान की प्रति मिली है। उन्होंने विभाग के इस कदम को तानाशाही
करार देते हुए चेतावनी दी कि 4 मई को सभी लैब सहायक करनाल में मुख्यमंत्री केआवास की तालाबंदी करेंगे और यह प्रदर्शन उग्र होगा। उन्होंने कहा कि वे 9 मार्च से विभाग के गेट पर धरना दे रहे हैं और हर रोज किसी ने किसी मंत्री के द्वार पर गुहार लगाने जाते हैं। वीरवार को भी वे राज्यमंत्री कृष्ण बेदी से मिलकर लौटे हैं, जबकि बुधवार को वे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिले थे। सुरेंद्र ने कहा कि सभी मंत्रियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी मांगें जायज हैं और अवश्य पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने उनकी सेवाएं समाप्त कर गैरजिम्मेदाराना काम किया है। उन्होंने कहा कि एक ही झटके में 2622 लोगों को बेरोजगार कर दिया गया है, जिससे उनके परिवार भी प्रभावित होंगे। संघ के प्रधान ने बताया कि कांट्रैक्ट समाप्ति के बाद लैब सहायकों ने नौकरी के लिए मुख्यमंत्री खट्टर से मिलकर गुहार लगाई थी, जिस पर सीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि लैब सहायकों को नौकरी में बहाल किया जाएगा। इसके बाद लैब सहायक शिक्षा मंत्री, स्वास्थय मंत्री और वीरवार को ही राज्यमंत्री कृष्ण बेदी से भी मिले। सभी मंत्रियों ने उन्हें नौकरी में लिए जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन शिक्षा विभाग ने लैब सहायकों की हर मांग और राज्य से मुख्यमंत्री व मंत्रियों के दिए आश्वासनों को भी अनदेखा कर दिया।

यह मांगे हैं लैब सहायकों की: प्रदेश के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कोर एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी लिमिटेड के जरिए विभाग ने गत वर्ष 24 अप्रैल को एक वर्ष के लिए कंप्यूटर लैब सहायकों की नियुक्ति की थी। इस वर्ष 24 अप्रैल को कोर एजुकेशन कंपनी का करार रद्द कर दिए जाने के बाद कंप्यूटर लैब सहायक भी सड़क पर आ गए थे। उनकी मांग है कि उन्हें सेवा में बहाल करते हुए उनका कांट्रैक्ट बढ़ाया जाए। इसके साथ ही लैब सहायकों ने 20 महीने के बकाया वेतन की मांग भी की है।
साभार: अमर उजाला समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.