Wednesday, September 10, 2014

दुनिया के दस रेगिस्तान, जो हैं रोमांच का खजाना

नोट: इस पोस्ट को सोशल साइट्स पर शेयर/ ईमेल करने के लिए इस पोस्ट के नीचे दिए गए बटन प्रयोग करें। 
दुनिया भर में कई मशहूर रेगिस्तान हैं, जहां लोग ट्रैवलिंग के लिए जाना पसंद करते हैं। इनमें ब्राजील, आस्ट्रेलिया, सउदी अरब और भारत के भी रेगिस्तान भी शामिल हैं। यहां लोग छुट्टियां बिताना पसंद करते हैं और तरह-तरह के एडवेंचरस टास्क करते हैं। अगर आपका भी मन इस बार की छुट्टियों में किसी रेगिस्तान में जाने का है, तो हम आपको बता रहे हैं 10 रोमांचक रेगिस्तान के बारे में। इनमें भारत का थार और कच्छ का रेगिस्तान भी है। 
कच्छ का रेगिस्तान: यह गुजरात के कच्छ में स्थित है। इसमें दूसरे रेगिस्तान की तुलना में उतनी रेत नहीं है। अरब सागर से घिरा होने की वजह से यहां नमक पाया जाता है। बरसात के मौसम में यहां काफी दलदल हो जाती है। यहां काफी संख्या में जंगली जानवर. जैसे रेगिस्तानी बिल्लियां, चिंकारा हिरन, सारस, बाज, पेलिकन और जंगली एशियाई गधे पाए जाते हैं। यहां 18 प्रकार की जनजातियों के निवास है। यहां भारत की सबसे बड़ी कच्छ डेजर्ट वाइल्डलाइफ सेंक्चुअरी है, जहां कई दुर्लभ प्रजातियों के जीव-जंतु हैं। 
कोल्ड डेजर्ट (ठंडा रेगिस्तान), हिमाचल प्रदेश: यह हिमाचल प्रदेश के किन्नौर प्रांत में स्थित है और 7770 वर्ग कि.मी. तक फैला हुआ है। यह हिमालय पर्वत के गोद में स्थित है और चारों ओर से चंद्रताल, सरचू और किब्बर वाइल्डलाइफ सेंक्चुअरी से घिरा हुआ है। इस रेगिस्तान पर पिन वैली नेशनल पार्क बना हुआ है। यूनेस्को के MAB (मैन एंड बायोस्फीयर) रिजर्व प्रोग्राम के तहत इस कोल्ड डेजर्ट को इंडिया के 16वें बायोस्फीयर रिजर्व के रूप में शामिल किया गया है। यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। 
थार मरूस्थल, राजस्थान: यह भारत के उत्तर-पश्चिम दिशा में भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर स्थित है। थार रेगिस्तान को ग्रेट इंडियन डेज़र्ट भी कहते हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े रेगिस्तानों में से नौवें नंबर पर है। थार दो लाख वर्ग कि.मी. से भी ज्यादा बड़ा क्षेत्र है। इसका एक बड़ा भाग राजस्थान में स्थित है और कुछ भाग हरियाणा, पंजाब, गुजरात तक फैले हुए हैं। यहां मैदान के साथ ऊंचे-नीचे रेत के टीले हैं। गर्मियों में यहां का तापमान 60 डिग्री सेल्सियस तक होता है, जबकि सर्दियों में ज़ीरो से नीचे चला जाता है।  
रब अल खली रेगिस्तान, सउदी अरब: इसे Empty Quarter भी कहते हैं। इसका मतलब है- 'No Man Land' यह दुनिया का सबसे बड़ा रेगिस्तान है, जो सऊदी अरब के पूरे दक्षिण-पश्चिमी भाग को लगभग घेरे हुए है। यहां दिन से ज़्यादा रात में खूबसूरत नज़ारे दिखाई देते हैं। यहां कुछ जगहों पर लगभग 100 मीटर ऊंचे रेत की टीले बने हैं। ऊंट की सवारी यहां काफी प्रचलित है। यहां जमीन से लगभग तीन मीटर नीचे पानी पाया जाता है। गर्मियों में यहां अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। 
टैबर्नास डेजर्ट, स्पेन: यह स्पेन के दक्षिण में अल्मेरिया प्रांत में स्थित है। यहां वर्षा एक साल में लगभग 200 मि.मी. से भी कम होती है। यहां पर विभिन्न प्रकार के एडवेंचरस टास्क, मोटर कार या मोटर बाइक रेसिंग, घोड़े की सवारी और पहाड़ी के टॉप पर चढ़कर पूरे गांव को देखने के लिए लोग जाना पसंद करते हैं। यहां कई प्रजाति के खरगोश, छिपकली, सांप और दूसरे जानवर पाए जाते हैं। 
व्हाइट डेज़र्ट, मिस्र: यह मिस्र का बहुत ही लोकप्रिय रेगिस्तान है। इसे सहारा रेगिस्तान नाम से भी जाना जाता है। यह मिस्र के फरफरा नाम के छोटे-से प्रांत में स्थित है। इस प्रांत में सहारा रेगिस्तान की वजह से ही लोग घूमने आते हैं। यहां बड़े मशरूम के आकार की नक्काशीदार चट्टानें हैं, जो टूरिस्टों के बीच खास आकर्षण है। यहां दूसरे रेगिस्तानों की तुलना में ट्रिप और सवारी के कम ऑप्शन उपलब्ध हैं। इस वजह से यहां लोगों का आना-जाना थोड़ा कम है। 
Lençóis Maranhenses, ब्राजील: यह उत्तर-पूर्व ब्राजील में स्थित है। यह एक समतल मरूस्थल हैं, जहां कुछ जगहों पर छोटे-छोटे रेत के टीले बने हैं। यहां ठीक मात्रा में बारिश होने के बावजूद भी कोई वनस्पति नहीं उगती है। दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत और ऐश्वर्या राय बच्चन अभिनीत फिल्म 'रोबोट' के गाने 'काधल अनुकल' की शूटिंग इसी रेगिस्तान में हुई थी। इसके अलावा, यहां ब्राजीलियन फिल्म 'द हाउस ऑफ सैंड' की भी शूटिंग हो चुकी है। इस मरूस्थल के बीच में वाटर लैगून (नेचुरल स्पा) बना हुआ है। 
डेथ वेली, यूएसए: डेथ वैली पूर्वी कैलिफोर्निया में स्थित एक रेगिस्तान है और उत्तरी अमेरिका के सबसे गरम स्थानों में से एक है। यहां हमेशा बहुत अधिक गर्म हवा बहने के कारण लोगों का रहना मुश्किल है। इसी वजह से इसे डेथ वेली नाम दिया गया है। रात में यहां तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक ही रहता है। यहां डेथ वेली नेशनल पार्क भी है, जहां अलग-अलग प्रजातियों के जीव-जंतु हैं। 
द ग्रेट विक्टोरिया डेज़र्ट, ऑस्ट्रेलिया: यह पश्चिमी और दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया में स्थित है और पूरे ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ा रेगिस्तान है। यहां छोटी-छोटी रेतीली पहाड़ियों के अलावा घास के मैदान हैं, जहां पेबल्स पाए जाते हैं। इसके अलावा यहां नमक की झीलें भी हैं। यह करीब 3,48,750 वर्ग कि.मी. तक फैला हुआ है। यहां हर साल 200 से 250 मि.मी. बारिश होती है। गर्मियों में यहां का तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच और सर्दियों में दिन में तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहता है, लेकिन यहां रातें बहुत बर्फीली होती हैं। 
दश्त-ए-काविर, ईरान: दश्त-ए-काविर या काविर-ए-नमक दुनिया का सबसे बड़ा नमक का डेज़र्ट है और ईरान में स्थित है। यहां पर नमक की मौज़ेक आकार में प्लेट्स पाई जाती हैं। यह सबसे गर्म रेगिस्तानों में से एक है। गर्मियों में यहां का तापमान 70 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। इतना ज्यादा गर्म होने के कारण यहां जंगली छिपकलियां और सांप पाए जाते हैं। इसके अलावा यहां जंगली भेड़, ऊंट, बकरियां, तेंदुए पहाड़ी क्षेत्रों में पाए जाते हैं।
Post published at www.nareshjangra.blogspot.com
साभार: भास्कर समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE