Wednesday, July 9, 2014

ये है दुनिया की चौथे नम्बर की लग्ज़री ट्रेन: भारत की शान

नोट: इस पोस्ट को सोशल साइट्स पर शेयर/ ईमेल करने के लिए इस पोस्ट के नीचे दिए गए बटन प्रयोग करें। 
भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े उपक्रमों में शुमार है। 150 से भी ज्यादा वर्षों से भारतीय रेल अपनी सेवाएं दे रही है। इसी कड़ी में आज हम आपको एक ऐसी ट्रेन के बारे में बताने जा रहे हैं जो ट्रेन नहीं बल्कि एक शाही महल का अनुभव देती है। यह है भारत की सबसे ज्यादा लग्ज़री ट्रेन - पैलेस ऑन व्हील्स। पैलेस ऑल व्हील्स देश की पहली ऐसी ट्रेन है, जो दुनिया की चार लोकप्रिय लग्जरी ट्रेन में शुमार है। ये वो ही रॉयल ट्रेन है जिसका सफर करने के बाद एक आम इंसान भी खुद को राजा-महाराजाओं की तरह महसूस करता है। एक बार सफर करने पर उसकी सारी थकान मिट जाती है। ये है
पैलेस ऑन व्हील्स की खासियत। फाइव स्टार होटल की तरह सजी ये रॉयल ट्रेन हर वर्ष लाखों पर्यटकों को सफर कराती है। इस ट्रेन में सफर करना किसी फाइव स्टार होटल में ठहरने से कम नहीं है। इस ट्रेन में वो सभी सुविधाएं है जो किसी फाइव स्टार होटल में मिलती हैं। पैलेस ऑन व्हील्स भारत की छह लग्जरी ट्रेनों में से एक है। ट्रैवल मैगजीन कोन्डे नास्ट ने दुनिया भर की मुख्य लग्जरी ट्रेनों में पैलेस ऑन व्हील्स को चौथा स्थान पर रखा था। उल्लेखनीय है कि मैगजीन द्वारा विश्व की दस बेहतरीन लग्जरी ट्रेनों की पहचान करने के लिए सर्वे कराया गया था।
मिल चुका है सर्वश्रेष्ठ लग्जरी ट्रेन का खिताब: यह ट्रेन सैलानियों को राजसी हनीमून की सुविधा भी मुहैया कराती है। भारतीय पर्यटन को विश्व में अनूठा स्थान दिलाने वाली इस ट्रेन को इससे पहले कई पुरस्कार और अवॉर्ड मिल चुके हैं। 2013 में देश-विदेश के सैलानियों को राजा-महाराजाओं की जीवन शैली और ठाठ-बाट के साथ राजस्थान की सैर कराने वाली आलीशान ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स ने अन्य लग्जरी ट्रेनों को पछाड़ कर उत्तर भारत की सर्वश्रेष्ठ लग्जरी ट्रेन का खिताब जीता है। यही कारण है कि उत्तर भारत में चलने वाली ओरिएन्ट एक्सप्रेस, रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स, महाराजा एक्सप्रेस आदि आलीशान रेलगाडियों में सर्वश्रेष्ठ स्थान बनाये रखने में फिर कामयाब रही हैं। देश में चलने वाली अन्य आलीशान पर्यटक रेलगाड़ियों में डेक्कन ओडिसी, गोल्डन चैरिएट प्रमुख हैं। 
अपने शाही ठाठ के लिए है प्रसिद्द: 23 कोच की इस शाही रेलगाड़ी में 14 सैलून, एक स्पा कोच, दो महाराजा एवं महारानी रेस्टोरेंट एवं एक रिसेप्शन कम बार कोच सम्मिलित है। इसमें 104 पर्यटक राजसी अदांज में यात्रा कर सकते हैं। यह ट्रेन सात दिनों में सैलानियों को राजस्थान के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ ही विश्व प्रसिद्ध आगरा के ताजमहल की भी सैर करवाती है। यह गाड़ी अपना सफर दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रत्येक बुधवार को शुरू कर जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और आगरा होते हुए अगले बुधवार को दिल्ली पहुंचती है। 
एक साथ दो लोगों के लिए है खास ऑफर: ट्रेन में मेहमानों को भारतीय और विदेशी जायकेदार भोजन परोसने की विशेष व्यवस्था है। 'पैलेस ऑन व्हील्स' में एक व्यक्ति का किराया 770 अमेरिकन डॉलर प्रति रात्रि है। दो व्यक्तियों के एक साथ यात्रा करने पर यह किराया 575 डॉलर प्रति यात्री प्रति रात्रि और तीन व्यक्तियों के एक साथ यात्रा पर यह किराया 520 डॉलर प्रति व्यक्ति प्रति रात्रि निर्धारित है। 
सुविधाएं:
  • इस गाड़ी में 14 कोच होते हैं। प्रत्येक का नाम भारत के प्रसिद्ध महलों के नाम पर रखा गया है और यह उनके शाही ठाठ की शैली से पूर्ण रूप से प्रभावित भी है।
  • इसके केबिन के नाम हवा महल, पद्मिनी महल, किशोरी महल, शीश महल, फूल महल और सुपर डीलक्स कोच ताज महल हैं। इन सैलूनों में नाम के अनुसार डिज़ाइन की गई है। इन डीलक्स केबिनों में वाई फाई इंटरनेट, सैटेलाइट टीवी, म्यूजिक सिस्टम और व्यक्तिगत तापमान नियंत्रण की सुविधाएं उपलब्ध है।
  • खेल के प्रेमियों के लिए कोच के अंदर ही शतरंज, कार्ड, चीनी चेकर्स, कैरम बोर्ड और पजल्स उपलब्ध हैं। इसके प्रत्येक कोच में चार केबिन हैं (जिन्हें कंपनी द्वारा सैलून या चैम्बर का नाम दिया गया है) जो हर तरह की सुख-सुविधाओं से परिपूर्ण हैं। इसके शीश महल कोच में लगभग सभी चीजों को कांच से बनाया गया है।
  • इस ट्रेन में मौजूद खिड़कियों के ग्लास किसी भी अन्य भारतीय रेल से बड़े हैं। यह यात्रियों को एक रॉयल दृश्य देखने में सुविधा प्रदान करती है। 
  • ट्रेन में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के स्प्राइट्स और वाइन की सुविधा है, जो इसे लग्जरी बनाने मे सहायक है।
  • गाड़ी में महाराजा और महारानी नाम के दो रेस्त्रां है।
  • हस्तशिल्प और राजस्थानी मूल के अन्य विशेष आइटम की खरीदारी के लिए राज्य सरकार द्वारा छोटे से बाजार की सुविधा भी मुहैया कराई गई है जहां यात्री अपने राजस्थानी पसंद को खरीद सकते हैं।
  • इस ट्रेन के यात्रियों को हर सुबह एक तरोताजा अहसास दिलाने के लिए चाय की चुस्की अखबार को परोसा जाता है। साथ ही अच्छे मैगजींस भी मौजूद भी है।
  • इस शाही सवारी के द्वारा आप ताज महल, हवा महल, मोती महल, शीश महल, रंणथंभौर नेशनल पार्क चितौड़गढ़ किला और आगरे के किले का आनंद ले सकते हैं।
  • इसमें खाने के तौर पर यात्रियों को भारतीय के साथ-साथ यूरोपीय, चीनी, एवं महाद्वीपीय खाना भी परोसा जाता है। इसमें राजस्थानी खाना सबसे लोकप्रिय है।
  • इसके कमरे शाही अंदाज से भरपूर पूर्ण रूप से वातानुकूलित है जिसमें 14 डीलक्स सैलून, हर दीवार पर राजस्थानी परपंरा की याद दिलाते गलीचे, गर्म और ठंडे पानी की सुविधा वाला स्नान कक्ष की सुविधा है।
  • प्रत्येक कोच में कलर टी.वी. और डी.वी.डी. प्लेयर की सुविधा है। साथ ही अपनों से जुड़े रहने के लिए टेलीफोन की सुविधा भी है। इस ट्रेन के यात्रियों के सामान को उनके सैलून तक पहुंचाने की भी सुविधा है। 

साभार: भास्कर समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE